Sunday, August 23, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ‘दीन दयाल स्पर्श योजना’ के लिए 4 सितंबर तक करें आवेदन

‘दीन दयाल स्पर्श योजना’ के लिए 4 सितंबर तक करें आवेदन

लखनऊ। डाक विभाग ने कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह यानी फिलेटली के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से ‘दीन दयाल स्पर्श योजना 2026-27’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को हर महीने ₹500 यानी सालाना ₹6,000 की छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना के लिए विद्यार्थियों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में फिलेटली क्विज आयोजित होगी, जो 4 अक्टूबर 2026 को संभावित है। इसके बाद फिलेटली प्रोजेक्ट के आधार पर चयन किया जाएगा। आवेदन के लिए विद्यार्थी का भारत के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 6 से 9 में अध्ययनरत होना जरूरी है। स्कूल में फिलेटली क्लब होने पर विद्यार्थी का उसका सदस्य होना आवश्यक है। यदि स्कूल में फिलेटली क्लब नहीं है, तो विद्यार्थी का व्यक्तिगत फिलेटली डिपॉजिट खाता भी मान्य होगा। विद्यार्थी ने पिछली वार्षिक परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी 4 सितंबर 2026 तक फिलेटिक ब्यूरो, लखनऊ जीपीओ में आवेदन जमा कर सकते हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा लखनऊ जीपीओ के चीफ पोस्टमास्टर कार्यालय के फोन नंबर 0522-2237908 पर संपर्क किया जा सकता है।