Monday, August 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जिलाधिकारी ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय बजीरपुर का निरीक्षण कर देखी व्यवस्थाएं

जिलाधिकारी ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय बजीरपुर का निरीक्षण कर देखी व्यवस्थाएं

फिरोजाबाद। रविवार को अवकाश का दिन था, लेकिन जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय बजीरपुर में बच्चों के लिए यह दिन कुछ खास बन गया। अचानक जिलाधिकारी विद्यालय पहुंचे और बच्चों के बीच पहुंचकर न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। डीएम को अपने बीच देखकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बीएसए अनिल कुमार और जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती देवी के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कक्षाओं, छात्रावास, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता खुद चखी। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर भोजन के स्वाद, पढ़ाई और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं भी जानीं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य, भोजन और शिक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर माहौल, पौष्टिक भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी जब बच्चों के बीच पहुंचे तो माहौल औपचारिक निरीक्षण से अलग नजर आया। बच्चों से बातचीत और उनके साथ भोजन करने से उनमें भी उत्साह दिखाई दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विद्यालय में व्यवस्थाएं बेहतर रखने और बच्चों को शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से विद्यालय प्रबंधन में भी हलचल रही। डीएम ने साफ संदेश दिया कि बच्चों की सुविधाओं और शिक्षा में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।