⇒ 12 प्रमुख क्षेत्रों में विश्वभर की कायस्थ प्रतिभाओं का होगा सम्मान, 31 अक्टूबर तक नामांकन
लखनऊ। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से विश्वभर में कायस्थ समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए ‘विश्व कायस्थ गौरव सम्मान-2026’ का आयोजन किया जाएगा। ‘विराट कायस्थ महासमागम एवं अंतर्राष्ट्रीय कायस्थ प्रतिभा सम्मान समारोह’ के रूप में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम 29 नवंबर 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर, लखनऊ में होगा। समारोह का मूल संदेश ‘आपकी प्रतिभा कायस्थ समाज का गौरव’ रखा गया है।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप श्रीवास्तव, आईआरएस, पूर्व प्रधान आयुक्त, भारत सरकार ने बताया कि समारोह में देश-विदेश में अपनी प्रतिभा, उपलब्धियों और उल्लेखनीय योगदान से कायस्थ समाज का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और नामांकन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
12 क्षेत्रों में होगा चयन: सम्मान के लिए प्रतिभाओं का चयन कला एवं संस्कृति, शिक्षा-साहित्य एवं शोध, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण, विज्ञान-प्रौद्योगिकी एवं इंजीनियरिंग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, खेल-योग एवं शारीरिक उत्कृष्टता, व्यापार-उद्योग एवं उद्यमिता, लोक सेवा-प्रशासन एवं राष्ट्र निर्माण, धर्म-अध्यात्म एवं भारतीय संस्कृति, राजनीति एवं जनप्रतिनिधित्व, पत्रकारिता-मीडिया एवं जनसंचार तथा पर्यावरण-कृषि एवं विशिष्ट जनसेवा जैसे 12 प्रमुख क्षेत्रों में किया जाएगा।
महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज ने सदैव ज्ञान, सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ‘विश्व कायस्थ गौरव सम्मान-2026’ ऐसी प्रतिभाओं को पहचानने, सम्मानित करने और उन्हें विश्व मंच पर लाने का माध्यम बनेगा, जिन्होंने अपनी मेहनत और उपलब्धियों से समाज का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने समाज के लोगों से योग्य प्रतिभाओं के नाम प्रस्तावित करने की अपील की।
अभिलेख और प्रमाण-पत्र भेजने होंगे: महासभा के अनुसार, यदि किसी कायस्थ प्रतिभा ने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है तो उसके अभिलेख, प्रमाण-पत्र एवं संबंधित वीडियो निर्धारित समय-सीमा के भीतर भेजे जा सकते हैं। प्रतिभाओं का चयन स्वतंत्र निर्णायक मंडल द्वारा उपलब्धियों और प्रस्तुत अभिलेखों के आधार पर किया जाएगा।
नामांकन के लिए अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 है। संपर्क के लिए व्हाट्सएप नंबर 8384011828 एवं 9971606201 जारी किए गए हैं। महासभा ने कायस्थ बंधुओं, संगठनों और समाज के सदस्यों से आयोजन में सक्रिय भागीदारी कर प्रतिभाओं को सामने लाने की अपील की है।
Jansaamna