Monday, August 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मुख्यमंत्री ने एनटीपीसी की प्रदर्शनी का किया अवलोकन, पहलों की सराहना

मुख्यमंत्री ने एनटीपीसी की प्रदर्शनी का किया अवलोकन, पहलों की सराहना

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सोमवार को रायबरेली दौरे के दौरान राणा बेनी माधव सिंह प्रेक्षागृह के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में जिला प्रशासन के सहयोग से एनटीपीसी की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में एनटीपीसी की विद्युत उत्पादन संबंधी उपलब्धियों, सतत एवं संधारणीय ऊर्जा उत्पादन, भविष्य की विकास योजनाओं, नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत किए जा रहे कार्यों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्रदर्शित किया गया था।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित एनटीपीसी की विभिन्न विकासात्मक पहलों में रुचि दिखाई। उन्होंने संस्था के बहुआयामी योगदान और प्रदर्शनी की प्रस्तुति की सराहना करते हुए ‘बहुत सुंदर’ कहकर प्रशंसा की।
एनटीपीसी की ओर से ब्रांड-बिल्डिंग एवं जनसंपर्क अभियान के तहत रायबरेली में दो प्रमुख स्थानों पर सूचनात्मक प्रदर्शनी लगाई गई थी। राणा बेनी माधव सिंह प्रेक्षागृह में स्थापित प्रदर्शनी में एनटीपीसी की विकास यात्रा, तकनीकी उपलब्धियों और सामुदायिक विकास से जुड़ी पहलों को प्रदर्शित किया गया। वहीं फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में जनसभा स्थल पर लगाए गए स्टॉल में विद्युत उत्पादन, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में एनटीपीसी के कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया।
प्रदर्शनी के माध्यम से एनटीपीसी की कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमता और सामाजिक सरोकारों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से प्रदर्शनी की सराहना को एनटीपीसी की विकास एवं जनकल्याणकारी पहलों के लिए महत्वपूर्ण प्रोत्साहन माना जा रहा है।