हाथरस। हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव अंडौली में सोमवार देर शाम आवारा सांड के हमले में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्हैया लाल पुत्र भारत सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि कन्हैया लाल सामान लेने के लिए दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक सांड ने उस पर हमला कर दिया। सांड ने बालक को सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया और गंभीर रूप से घायल बालक को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों में छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है।
Jansaamna