Wednesday, August 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनप्रतिनिधियों ने 41 प्राविधिक सहायकों को बांटे नियुक्ति पत्र

जनप्रतिनिधियों ने 41 प्राविधिक सहायकों को बांटे नियुक्ति पत्र

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित 41 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, महापौर कामिनी राठौर, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव और उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह की उपस्थिति में नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव ने कहा कि जनपद को 41 प्राविधिक सहायक मिले हैं, जो तकनीकी जानकारी के माध्यम से किसान भाइयों को उन्नत खेती करने के तरीके बताएंगे। इससे जनपद में कृषि क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के त्योहार पर आप सभी को नियुक्ति के रूप में तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़कर भागीदारी करनी होगी और अपने कार्यों एवं दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा और सुना गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।