♦60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ
कानपुर। रक्षाबंधन के पर्व से पूर्व बुधवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) का सभागार मातृशक्ति के सम्मान और उत्सव का केंद्र बना। प्रदेश सरकार की ओर से रक्षाबंधन पर महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं-बहनों के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 1100 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान रहे।
प्रदेश सरकार द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह सुविधा 27 अगस्त प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी, जिससे महिलाओं को त्योहार पर अपने भाइयों एवं परिजनों के घर आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा और सुना। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, सुविधा और सशक्तीकरण से जुड़े संदेशों पर सभागार में उत्साह का माहौल रहा।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुविधा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहितकारी निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को अपने भाइयों के घर आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से निःशुल्क बस यात्रा की व्यवस्था शुरू की गई थी, जिसे बाद में महिलाओं की सुविधा को देखते हुए सहयात्री तक विस्तारित किया गया।
उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं और बहनों के लिए शुरू की गई ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना महिलाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत पात्र वरिष्ठ महिलाएं प्रदेश में संचालित सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। मंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के समाज एवं महिला उत्थान में योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नाम पर इस योजना का शुभारंभ उनके प्रेरणादायी जीवन को सच्ची श्रद्धांजलि है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की महिलाओं को सशक्त बनाने की सोच केवल यात्रा सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि आवास, आजीविका, आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र महिला तक पहुंचे।
मंत्री की कलाई पर महिलाओं ने बांधी राखी
रक्षाबंधन का उल्लास उस समय और बढ़ गया जब आरती श्यामा, रमाकांति, प्रीति तिवारी, दिव्या कुशवाहा, मधु, नीतू शुक्ला, श्वेता तिवारी, शिव कुमारी, प्रपाशा दीक्षित, रूपाली गौतम एवं रजनी सहित अन्य महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की कलाई पर राखी बांधी। मंत्री ने सभी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए साड़ी एवं मिठाई भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में शामिल लगभग 1100 महिलाओं को भी उपहार स्वरूप साड़ी और मिठाई प्रदान की गई।
महिलाओं ने जताया सरकार का आभार
कार्यक्रम में निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा और सम्मान स्वरूप साड़ी-मिठाई मिलने पर महिलाओं ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने इस पहल को केवल सुविधा नहीं बल्कि त्योहार पर सम्मान और अपनत्व का प्रतीक बताया।
संगीता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा और साड़ी वितरण की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जिन बहनों के भाई नहीं हैं, उनके लिए भी रक्षाबंधन पर सम्मान मिलना भावनात्मक रूप से विशेष अनुभव है।
अंबेडकर नगर के जरौली निवासी 60 वर्षीय किरण देवी ने कहा कि वरिष्ठ महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। अब प्रदेश में आने-जाने के दौरान किराए की चिंता काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
सरोज ने कहा कि रक्षाबंधन पर मिला सम्मान महिलाओं के प्रति सरकार के स्नेह और अपनत्व का संदेश देता है। वहीं मिताली यादव ने कहा कि साड़ी, मिठाई और निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा ने रक्षाबंधन की खुशियों को और बढ़ा दिया है तथा इससे बहनों को अपने भाइयों और परिजनों के घर पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक स्वप्निल वरुण, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग सिंह सहित परिवहन विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Home » मुख्य समाचार » रक्षाबंधन पर माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा
Jansaamna