लखनऊ। प्रदेश की वरिष्ठ मातृशक्ति को सम्मान और सुविधा देने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
योजना का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से अधिक सक्रिय बनाना है। निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से बुजुर्ग महिलाओं को धार्मिक, सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यों के लिए आवागमन में आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने योजना को मातृशक्ति के सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। वरिष्ठ महिलाओं के लिए शुरू की गई यह योजना उनके प्रति समाज और सरकार की जिम्मेदारी को मजबूत करने वाली पहल है।
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रदेश में रोडवेज बसों से यात्रा के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की वरिष्ठ महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सरकार की इस पहल को वरिष्ठ मातृशक्ति के सम्मान के साथ-साथ उन्हें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सहज आवागमन का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Jansaamna