Friday, August 28, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मथुरा जनपद में स्कूली वाहनों की तीन दिन में कराएं फिटनेस: डीएम

मथुरा जनपद में स्कूली वाहनों की तीन दिन में कराएं फिटनेस: डीएम

मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और स्कूली वाहनों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन स्कूलों ने अभी तक अपने वाहनों की फिटनेस नहीं कराई है, वे तीन दिन के भीतर परिवहन कार्यालय से फिटनेस प्रक्रिया पूरी करा लें। उन्होंने ये निर्देश मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 अभियान के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक में दिए। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल बस और अधिकृत वाहन में फर्स्ट एड बॉक्स, सीट बेल्ट, अग्निशामक यंत्र तथा खिड़कियों पर सुरक्षा ग्रिल या जाल अनिवार्य रूप से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों के चालकों के पास कम से कम पांच वर्ष पुराना ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। इसके अलावा चालकों का नियमित नेत्र परीक्षण, पुलिस सत्यापन और चरित्र प्रमाण पत्र भी अनिवार्य किया गया है। बैठक में बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के लिए मेज-कुर्सी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, वरिष्ठ एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश राजपूत, एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह, यात्रीकर अधिकारी संदीप चौधरी और यात्रीकर अधिकारी पूजा सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।