हाथरस। कस्बा सासनी में बारह वफात का जुलूस बुधवार को पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और किसी भी प्रकार के जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जुलूस में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। इस दौरान पूरा कस्बा धार्मिक नारों और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में पढ़ी जा रही नात एवं कलाम से गूंज उठा। जुलूस के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया और लोगों के लिए पानी आदि की व्यवस्था की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया था। पुलिसकर्मी जुलूस के साथ चलते रहे और पूरे आयोजन की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी। जुलूस के दौरान यातायात बाधित न हो और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए विशेष प्रबंध किए। इसके चलते पूरे कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की मौजूदगी दिखाई दी। अधिकारियों की लगातार निगरानी और आयोजकों की ओर से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील के चलते बारह वफात का जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Jansaamna