Thursday, August 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महिलाओं के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा का ध्यान रख रही प्रदेश व केंद्र सरकार: धर्मवीर प्रजापति

महिलाओं के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा का ध्यान रख रही प्रदेश व केंद्र सरकार: धर्मवीर प्रजापति

फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मातृशक्ति को सम्मान देने के उद्देश्य से रक्षाबंधन के अवसर पर निःशुल्क बस सेवा शुरू की गई। इसी उपलक्ष्य में पुलिस लाइन में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर मातृशक्ति को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ निरंतर महिलाओं तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सभी बहनों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए स्थायी रूप से निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है, ताकि उन्हें आवागमन के लिए किसी पर निर्भर न रहना पड़े।

धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में वर्तमान योगी सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। केंद्र और राज्य सरकार जाति, धर्म एवं वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर कार्य कर रही हैं। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि सरकार ने तीन दिनों के लिए प्रदेश की सभी बहनों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू की है। उन्होंने बहनों से अपील की कि वे अपने भाइयों के साथ-साथ देश की रक्षा में तैनात सैनिकों को भी रक्षा सूत्र बांधें। टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर योजना का शुभारंभ किया गया है। मेयर कामिनी राठौर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी जिन महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी सुदर्शन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।