फिरोजाबाद। सांस्कृतिक धरोहर फाउंडेशन के तत्वावधान में सावन माह के पावन अवसर पर जलेसर रोड स्थित माही डांसरसाइज एकेडमी में श्रावणी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ब्रज की पारंपरिक मल्हारों एवं लोकगीतों को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक धरोहर फाउंडेशन की सचिव एवं कार्यक्रम संयोजिका स्नेहलता शर्मा ने सरस्वती वंदना के साथ किया। मुख्य अतिथि तरुणा सिंह एवं कार्यक्रम अध्यक्ष डी.के. सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। डांसरसाइज एकेडमी की आरती ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। महोत्सव में एकेडमी की सात वर्षीय बाल कलाकार राधिका शर्मा ने हारमोनियम पर ‘मिश्री से मीठा नाम, हमारी राधा रानी’ भजन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद शिकोहाबाद से आईं नेहा, वर्षा, रौनक, प्रगति, माधुरी चतुर्वेदी, मानवी किशोरी, माही शर्मा एवं आरती ने ब्रज के लोकगीतों और सावन की पारंपरिक मल्हारों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरा वातावरण ब्रज संस्कृति और लोक संगीत की मधुर स्वर लहरियों से गूंज उठा। सचिव स्नेहलता शर्मा ने भगवान शिव को समर्पित भजन भी प्रस्तुत किया। इसके बाद फाउंडेशन की उपाध्यक्ष वंदना सिंह ने मुख्य अतिथि तरुणा सिंह एवं कार्यक्रम अध्यक्ष डी.के. सिंह के साथ महोत्सव में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को पटका पहनाकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि तरुणा सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक धरोहर फाउंडेशन द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से लुप्त होती लोक संस्कृति को संरक्षित करने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन युवा कवि कृष्ण कुमार यादव ने किया।
Jansaamna