Wednesday, September 2, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » छह प्रस्ताव पास, एक टला; पालिका बोर्ड बैठक में विकास और सफाई पर गरमाई बहस

छह प्रस्ताव पास, एक टला; पालिका बोर्ड बैठक में विकास और सफाई पर गरमाई बहस

हाथरस। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक मंगलवार को पालिका सभागार में प्रशासक एवं अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रखे गए सात प्रस्तावों में से छह को मंजूरी मिल गई, जबकि सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज कराने का प्रस्ताव सभासदों की आपत्तियों के चलते अगली बैठक के लिए टाल दिया गया। बैठक में सफाई वाहनों में जीपीएस लगाने, दाऊजी महाराज मेला-2026 के मुख्य मार्ग के निर्माण, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना एवं सीवरेज-जल निकासी योजना की डीपीआर स्वीकृति समेत राज्य वित्त आयोग और 15वें वित्त आयोग से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के दौरान सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्य नहीं होने, सफाई व्यवस्था खराब रहने, सूचना देने के बावजूद सफाई कर्मचारियों के मौके पर नहीं पहुंचने, खराब स्ट्रीट लाइटों और पालिका अधिकारियों की गैरहाजिरी को लेकर नाराजगी जताई। कुछ सभासदों ने आरोप लगाया कि बोर्ड में पारित प्रस्तावों में उनके क्षेत्रों के विकास कार्यों को शामिल नहीं किया गया है। सभासदों की शिकायतों पर प्रशासक प्रशांत तिवारी ने स्वयं वार्डों का निरीक्षण कर समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। बैठक में अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह सहित सभासद, पालिका अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।