फिरोजाबाद। नगर निगम में तैनात ठेका कर्मचारियों ने 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय की मांग को लेकर मंगलवार सुबह कामबंद हड़ताल शुरू कर दी। आगरा नगर निगम की तर्ज पर मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारी सुबह छह बजे से काम से विरत रहे और बड़ी संख्या में नगर निगम परिसर में एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगर निगम की सफाई व्यवस्था समेत अन्य कार्य प्रभावित होने की स्थिति बन गई। ठेका कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से कम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं। महंगाई के मौजूदा दौर में कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि आगरा नगर निगम की तर्ज पर उन्हें भी 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पर सकारात्मक निर्णय होने तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। सुबह से ही कर्मचारी नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर विरोध जताया। हड़ताल की सूचना मिलते ही नगर निगम अधिकारी सक्रिय हो गए। हड़ताल समाप्त कराने के लिए अपर नगर आयुक्त अजय कुमार और सहायक नगर आयुक्त आरपी सिंह ने कर्मचारियों से वार्ता की और उन्हें काम पर लौटने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े रहे। ठेका सफाई कर्मचारियों के धरने की सूचना पर भीम आर्मी और भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिलाध्यक्ष राहुल यादव भी नगर निगम पहुंचे और कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन किया। बाद में नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने कर्मचारियों को मानदेय बढ़ाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया। धरना-प्रदर्शन में ठेका कर्मचारी संघ के विनय वाल्मीकि, प्रवीण उमराय, विकास चंद्र वाल्मीकि, निगम वाल्मीकि, शेरा वाल्मीकि, योगेश वाल्मीकि, अनिकेत, विवेक कुमार और नितिन चौधरी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Jansaamna