हाथरस। सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एडीएचआर द्वारा दिए गए ज्ञापन का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय और जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने 27 अगस्त को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सरकारी विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, जर्जर भवनों की मरम्मत, सुरक्षित कक्षाएं, फर्नीचर, पर्याप्त शिक्षक, मध्यान्ह भोजन, बिजली, पंखे, खेल मैदान तथा बालिकाओं और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं सहित 18 प्रमुख बिंदुओं पर सुधार की मांग उठाई थी। बीएसए की ओर से जारी पत्र में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का निरीक्षण करने, सामने आने वाली कमियों को दूर कराने और की गई कार्रवाई की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
एडीएचआर ने जिला प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की ओर से जारी निर्देश केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि विद्यालयों में इसका असर धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। संगठन ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था में सुधार होने तक उसकी मुहिम जारी रहेगी।
Jansaamna