Thursday, September 3, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राम कॉलोनी में कीचड़युक्त गलियों के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे किसान नेता

राम कॉलोनी में कीचड़युक्त गलियों के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे किसान नेता

फिरोजाबाद। श्रीराम कॉलोनी में जलभराव और कीचड़युक्त गलियों की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार सुबह 10 बजे से धरना और भूख हड़ताल शुरू कर दी। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिलेश शर्मा वत्स, राजबहादुर तेनगुरिया और सोनू मिश्रा भूख हड़ताल पर बैठे। उनके समर्थन में भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे और कॉलोनीवासियों का उत्साहवर्धन किया। भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि गुरुवार को जिलाध्यक्ष के साथ पंडित अखिलेश शर्मा वत्स और प्रदेश महासचिव संजय शर्मा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से श्रीराम और श्रीपाल कॉलोनी की गलियों का शीघ्र निर्माण कराने तथा क्षेत्रवासियों के साथ नगर निगम द्वारा किए जा रहे कथित भेदभाव से निजात दिलाने की मांग की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लखनऊ में शिकायत की जाएगी। इसके बाद फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट के सामने प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जाएगा। पंडित अखिलेश शर्मा वत्स ने आरोप लगाया कि कॉलोनी की समस्याओं को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम बनी हुई गलियों को तोड़कर दोबारा बनाने पर जोर दे रहा है, जबकि जिन स्थानों पर मकान तक नहीं हैं, वहां लंबी सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक श्रीराम कॉलोनी की गलियों का निर्माण शुरू नहीं किया जाता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी और किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द गलियों का निर्माण कराने की मांग की।