Friday, September 4, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भारत-बेल्जियम रिश्तों को नई मजबूती

भारत-बेल्जियम रिश्तों को नई मजबूती

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों नेताओं ने भारत और बेल्जियम के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ आर्थिक, रणनीतिक और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, खाद्य और स्वच्छ ऊर्जा समेत विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-बेल्जियम संबंधों के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों की जड़ें इतिहास में गहरी हैं। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों ने साहस और बलिदान का परिचय दिया था। उनका बलिदान दोनों देशों की साझा स्मृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का उनकी पहली भारत यात्रा पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह डी वेवर की पहली भारत यात्रा जरूर है, लेकिन भारत से उनका परिचय पुराना है। लंबे समय तक एंटवर्प के मेयर के रूप में उन्होंने वहां के बड़े भारतीय समुदाय और भारत-बेल्जियम हीरा व्यापार को लगातार समर्थन दिया। पीएम मोदी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्य, बाजार अर्थव्यवस्था और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संपर्क भारत और बेल्जियम को स्वाभाविक साझेदार बनाते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश बदलती वैश्विक परिस्थितियों में सहयोग के नए क्षेत्रों की तलाश कर रहे हैं।

20 साल बाद भारत आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने भारत को एक प्रमुख वैश्विक शक्ति बताते हुए द्विपक्षीय आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और गहरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में भारत आने वाले पहले बेल्जियम के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा विशेष महत्व रखती है। डी वेवर ने कहा कि इन दो दशकों में भारत में बड़ा बदलाव आया है। भारत आज न केवल दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में भी शामिल है। उन्होंने भारत को आर्थिक और तकनीकी महाशक्ति तथा एक महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक शक्ति बताया, जिसकी आवाज क्षेत्र से कहीं आगे तक सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि भारत बेल्जियम के लिए लगातार महत्वपूर्ण साझेदार बनता जा रहा है।

फार्मा, सेमीकंडक्टर और स्वच्छ ऊर्जा में सहयोग पर जोर

बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने कहा कि आकार में छोटा होने के बावजूद उनका देश दुनिया की सबसे खुली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि बेल्जियम ने व्यापार और वैश्विक बाजारों तक पहुंच के आधार पर अपनी समृद्धि का निर्माण किया है। डी वेवर ने फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में बेल्जियम की विशेषज्ञता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये सभी ऐसे क्षेत्र हैं, जहां भारत और बेल्जियम के बीच सहयोग और विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।

रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को नई गति

दोनों नेताओं की वार्ता ऐसे समय हुई है जब भारत और यूरोप के बीच आर्थिक एवं रणनीतिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है। भारत-बेल्जियम संबंधों में व्यापार, निवेश, तकनीक, रक्षा, फार्मा और हीरा उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नई दिल्ली में हुई इस उच्चस्तरीय वार्ता से दोनों देशों के बीच सहयोग के नए क्षेत्रों को गति मिलने की उम्मीद है।

Pic & story : कमल नैन नरंग