फिरोजाबाद। सुहागनगरी के शिक्षण संस्थानों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने राधाकृष्ण के स्वरूपों में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समां बांध दिया। वहीं मटकी फोड़ लीला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर श्रीकृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्ले, नर्सरी और केजी के बच्चे राधाकृष्ण के स्वरूप में बड़े ही आकर्षक दिखाई दे रहे थे। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का प्रदर्शन किया। कक्षा दो से पांच तक के छात्र-छात्राओं ने देवकी नंदन तुमको वंदन, घुंघटा उठा के मिला तू अंखिया, जब कान्हा ने वंशी बजाई, मैं बरसाने की छोरी, जो है अलबेला मधु नैना वाला, राधा कैसे न जले, मोहे मोर बनइयों बृंदावन को आदि भजनों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी आगंतुकों का मन मोह लिया। वहीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रबंधक राजेंद्र कुमार जैन, प्रधानाचार्य नीलम शुक्ला ने बच्चों का उत्साहवर्धन कर जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।
वहीं किड्स कॉर्नर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। नन्हें-मुन्ने बच्चे राधाकृष्ण के स्वरूपों में सजकर आए। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भजन, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को प्रस्तुत किया। इस दौरान संस्थान के प्रबंधक डॉ. मयंक भटनागर, प्रधानाचार्या रूपाली भटनागर, सीईओ विख्यात भटनागर, दीपाली भटनागर के अलावा शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि मौजूद रहे।
Jansaamna