Sunday, September 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जलभराव प्रभावित गांवों में पहुंचे उद्यान मंत्री, राहत कार्यों का लिया जायजा

जलभराव प्रभावित गांवों में पहुंचे उद्यान मंत्री, राहत कार्यों का लिया जायजा

➤ अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील एवं विकासखंड महराजगंज के जलभराव प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उद्यान मंत्री ने सबसे पहले लालगंज मजरे (मोन) पहुंचकर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राशन किट और राहत सामग्री का वितरण किया।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री ग्राम कोटवा मदनिया पहुंचे, जहां उन्होंने जलभराव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दिनेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शासन-प्रशासन की सहायता समय से प्रत्येक प्रभावित परिवार तक पहुंचाई जाए। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में आवागमन, स्वच्छ पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना शासन और जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, उप जिलाधिकारी महराजगंज चन्द्र प्रकाश गौतम, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।