Monday, September 7, 2026
Breaking News
Home » मनोरंजन » ‘हमारी राधा’ में पहली बार आमने-सामने आईं राधा और शनाया

‘हमारी राधा’ में पहली बार आमने-सामने आईं राधा और शनाया

ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइज़ेस लिमिटेड के फ्री-टू-एयर हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल अनमोल टीवी के ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ में कहानी अब एक ऐसे मोड़ पर पहुंचने वाली है, जहां राधा (सिमरन कौर) और शनाया (वैदेही नायर) पहली बार अनजाने में एक-दूसरे के सामने आएंगी। लेकिन राधा को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं है कि शनाया का उसके पति गिरधर (अक्षय म्हात्रे) से बेहद खास रिश्ता है। दोनों की यह अनजाने में हुई मुलाकात धीरे-धीरे ऐसा मोड़ ले लेगी, जिसका असर आगे की कहानी पर देखने को मिलेगा। दरअसल, शनाया खरीदारी करने जाती है और बिलिंग काउंटर पर उसे पता चलता है कि गिरधर का कार्ड अपनी लिमिट पार कर चुका है। इसी बीच राधा भी उसी स्टोर में पहुंच जाती है। खरीदारी के दौरान शनाया का कार्ड गलती से गिर जाता है, जिसे राधा और गिरधर का बेटा कियान उठा लेता है। कियान देखते ही अपने पिता का कार्ड पहचान लेता है। लेकिन शनाया कियान पर ही कार्ड चुराने का आरोप लगा देती है और देखते ही देखते दोनों के बीच बहस शुरू हो जाती है।

राधा जब वहां पहुंचती है और अपने बेटे पर चोरी का इल्जाम लगते देखती है, तो वह तुरंत उसके बचाव में खड़ी हो जाती है। वह शनाया से माफी मांगने के लिए कहती है और तब तक पीछे नहीं हटती, जब तक शनाया कियान से माफी नहीं मांग लेती। राधा अपने बेटे का साथ देते हुए अपनी बात पर अड़ी रहती है। इस तरह यह मुलाकात अचानक ऐसी बहस में बदल जाती है, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। राधा के सामने खड़ी शनाया के बारे में वह भले ही अभी कुछ नहीं जानती, लेकिन दोनों की यह अनजाने में हुई मुलाकात आगे आने वाली कई परेशानियों का संकेत देती है। अब जब दोनों एक-दूसरे के सामने आ चुकी हैं, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि जब राधा को शनाया और गिरधर के रिश्ते की सच्चाई पता चलेगी, तब क्या होगा।