-
मथुरा समेत 16 स्टेशनों पर होगा ठहराव, तीन-तीन फेरे लगाएगी ट्रेन
मथुरा। दीपावली के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। 16 डिब्बों वाली अनारक्षित ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे मथुरा और आसपास के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। हजरत निजामुद्दीन से ट्रेन 5, 6 और 7 नवंबर को शाम 7:25 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 5:30 बजे यह वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी। वापसी में झांसी से 6, 7 और 8 नवंबर को सुबह छह बजे ट्रेन चलेगी और शाम 5:20 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। झांसी से निजामुद्दीन के बीच ट्रेन दतिया, सोनागिर, डबरा, ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर, जाजऊ, आगरा कैंट, राजा की मंडी, फरह, मथुरा जंक्शन, छाता, कोसीकलां, होडल, पलवल और फरीदाबाद में रुकेगी। वहीं निजामुद्दीन से झांसी जाने वाली ट्रेन फरीदाबाद, पलवल, होडल, कोसीकलां, छाता, मथुरा जंक्शन, फरह, राजा की मंडी, आगरा कैंट, जाजऊ, धौलपुर, मुरैना, ग्वालियर, डबरा, सोनागिर और दतिया स्टेशनों पर ठहरेगी। त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा मिल सकेगी।
Jansaamna