Sunday, October 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सीएमओ ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी का किया निरीक्षण

सीएमओ ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी का किया निरीक्षण

फिरोजाबाद। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। सीएमओ डॉ. रामबदन राम ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी के निरीक्षण के दौरान मेले में आमजन को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, औषधि वितरण, जांच सुविधाओं, टीकाकरण सेवाओं तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने मेले में स्थापित विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण करते हुए लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले प्रत्येक लाभार्थी को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए। सीएमओ ने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक निर्देश दिए। मेले में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन परामर्श, नियमित टीकाकरण, संचारी रोगों की रोकथाम संबंधी जागरूकता गतिविधियों तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।