फिरोजाबाद। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति लेबर कॉलोनी द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य रामबारात गाजे-बाजे के साथ आठ अक्टूबर को दुर्गा माता मंदिर चंद्रवार गेट से शाम छह बजे निकाली जायेगी। शोभायात्रा में लगभग दो दर्जन झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति लेबर कॉलोनी के अध्यक्ष श्रीनिवास शर्मा, मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पिछले 45 वर्षों से रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्रीराम की बारात हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ आठ अक्टूबर को दुर्गा माता मंदिर चंद्रवार गेट से निकाली जायेगी। जिसमें भगवान राम, लक्ष्मण और भरत-शत्रुघ्न के डोले विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। रामबारात में लगभग दो दर्जन झांकियां रहेंगी। जिसमें विघ्नहर्ता गणेश, पंचमुखी हनुमान जी, नंदी पर शंकर जी विराजमान, राधाकृष्ण की लीलाएं, खाटू श्याम, मां दुर्गा, कैला देवी, महाकाल आदि के स्वरूपों की झांकी रहेगी। इसके अलावा नासिक का ढोल बैंड एवं पैदल स्वरूपों की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा दुर्गा माता मंदिर चंद्रवार गेट से प्रारम्भ होगी, जो कि अग्रवाल धर्मशाला, छपैटी, भोजपुरा, रेलवे स्टेशन, रेलवे पुल होती हुई लेबर कॉलोनी में स्थित जनकपुरी में विश्राम लेगी। शोभायात्रा मार्ग को दुल्हन की तरह रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया जायेगा। वार्ता के दौरान महंत रमेश आनंद गिरि, राकेश शंखवार, लक्ष्मीकांत शुक्ला, पंकज भारद्वाज, संपत सुथार, सिद्धार्थ त्रिपाठी, मोहित सिंह, रोहित शर्मा, सुनील वर्मा, कैलाश गोस्वामी, तेजेंद्र सिंह यादव, हिमांशु विष्ठ, करुणा शंकर पांडे, कौशल शर्मा, रंजीत शर्मा एड. आदि मौजूद रहे।
Jansaamna