➤ अग्निशमन यंत्र चलाने का दिया प्रशिक्षण, भूकंप, बाढ़ और आग से बचाव की दी जानकारी
सलोन, रायबरेली। स्कूल सेफ्टी ऑडिट परियोजना के तहत कंपोजिट विद्यालय खमहरिया पूरे कुशल में स्कूल सुरक्षा ऑडिट एवं आपदा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान आपदा प्रबंधन मित्र दीपक सिंह और अग्निशमन विभाग के आपदा मित्र आकाश ने विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न आपदाओं से बचाव के उपाय बताए। ऑडिट टीम ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ की सुरक्षा, भवन की स्थिति, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाओं और उपकरणों की उपलब्धता का जायजा लिया। इसके साथ ही रखरखाव, निरीक्षण पुस्तिका, महत्वपूर्ण मोबाइल नंबरों के अंकन तथा आपातकालीन संसाधनों की भी जांच की गई। टीम ने विद्यालय में उपलब्ध अग्निशमन यंत्र, लकड़ी की सीढ़ी, स्ट्रेचर, पानी की टंकी, रेत से भरी बाल्टियों और रस्सी सहित अन्य संसाधनों की जानकारी ली। इसके अलावा ब्लड बैंक, एंबुलेंस सेवा, पुलिस थाना, स्वास्थ्य केंद्र और जिला चिकित्सालय की दूरी के संबंध में भी पड़ताल की गई। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को अग्निशमन यंत्र चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि आग लगने की स्थिति में विद्यालय और गांव में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर किस प्रकार बचाव किया जा सकता है। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भूकंप, बाढ़, आग, वज्रपात, लू, शीतलहर और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला में आपदा के समय क्या करना चाहिए और किन गतिविधियों से बचना चाहिए, इस पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सुरक्षित आदतों को अपनाने, सतर्क रहने और आपातकालीन परिस्थितियों में उचित व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद इस्माइल खान, प्रधानाध्यापक अनिल कुमार पांडे, सूरज जायसवाल, अनुराग श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, शहवार अयाज, साइमा खानम सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और रसोइया मौजूद रहे।
Jansaamna