Tuesday, October 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

हाथरस। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में रविवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान’ के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने पर जोर दिया। साथ ही, आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए हाथरस जनपद में विशेष अभियान चलाने की घोषणा की। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक नरेश ठाकुर और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी, हाथरस के अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चन्द्रा ने किया। एआईसीसी पर्यवेक्षक नरेश ठाकुर ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान’ का उद्देश्य लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा आवश्यक है। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए हाथरस और आसपास के क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें रैली में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। पीसीसी पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता का अधिकार महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना चाहिए और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने की अपील की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि हाथरस जनपद में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान’ को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता जनसंपर्क कर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही, दिल्ली में 1 नवंबर को प्रस्तावित रैली में अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।