रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने के साथ रिश्वत न लेने और न देने की नीति के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक करना है। महाप्रबंधक रामन कृष्णन के मार्गदर्शन एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा वरिष्ठ उप महाप्रबंधक महेश सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रशासनिक भवन स्थित महाप्रबंधक सभागार में ‘साइबर सुरक्षा जागरूकता : डिजिटल सत्यनिष्ठा एवं सतर्कता को मजबूत बनाना’ विषय पर व्याख्यान सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर सतर्कता बुलेटिन-2026 के 11वें संस्करण ‘शुचि दृष्टि’ का विमोचन भी किया गया। बुलेटिन में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर कनिष्ठ कर्मचारियों तक ने अपने लेखों के माध्यम से सतर्कता, नैतिकता और ईमानदारी को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
मुख्य सतर्कता अधिकारी महेश सिंह ने अपने लेख में बताया कि किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही महत्वपूर्ण उसे प्राप्त करने के लिए अपनाए जाने वाले साधनों की शुचिता भी है। वहीं उप मुख्य सतर्कता अधिकारी त्रिलोचन अंथवाल ने ईमानदारी, पारदर्शिता और सुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। विपिन कुमार यादव ने सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निवारण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त शाबरा बेगम, गौतम सागर, जितेश कुमार, उमेश सिंह, सुजीत कुमार एवं विपिन कुमार की केस स्टडी भी बुलेटिन के प्रमुख आकर्षण रहे। कार्यक्रम में आरेडिका के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गोविंद पाण्डेय, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक विनय कुमार पाठक तथा प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। इसी क्रम में 29 अक्टूबर को प्रशासनिक भवन सभागार में अधिकारियों तथा टीटीसी ऑडिटोरियम में कर्मचारियों के लिए अलग-अलग प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को सतर्कता, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार निवारण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा सतर्कता विभाग की ओर से आरेडिका के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग एवं बैनर लगाए गए तथा प्रवेश द्वारों पर पंपलेट वितरित कर अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के प्रति जागरूक किया गया। उक्त जानकारी आरेडिका के जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने दी।
Jansaamna