श्याम बिहारी भार्गव: आगरा/मथुरा। रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत आगरा मंडल में बड़ी सफलता हासिल की गई है। अभियान के अंतर्गत अप्रैल से सितंबर 2026 तक छह माह में आरपीएफ ने यात्रियों के सामान की चोरी, झपटमारी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त 80 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से यात्रियों की चोरी हुई अथवा खोई हुई संपत्ति बरामद की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 96 लाख 98 हजार 50 रुपये आंकी गई है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा एस. रामकृष्णन के मार्गदर्शन में आरपीएफ द्वारा यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत आरपीएफ की टीमें रेलवे परिसरों, प्लेटफॉर्मों, यात्री ट्रेनों और कोचों में सघन गश्त एवं निगरानी कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ चोरी, झपटमारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए आरपीएफ की टीमें लगातार सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। साथ ही यात्रियों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जिनमें उन्हें सुरक्षा संबंधी उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जाती है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ को दें या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।
Jansaamna