Friday, October 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शिक्षा की राह होगी आसान, 16 जरूरतमंद बालिकाओं को मिली साइकिल

शिक्षा की राह होगी आसान, 16 जरूरतमंद बालिकाओं को मिली साइकिल

फिरोजाबाद। आर्थिक अभाव के चलते किसी भी बालिका की शिक्षा प्रभावित न हो, इसी उद्देश्य से कोमल फाउंडेशन ने ‘शिक्षा न रुके’ अभियान के तहत सराहनीय पहल करते हुए 16 जरूरतमंद बालिकाओं को साइकिलें प्रदान कीं। साइकिलें पाकर बालिकाओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की चमक दिखाई दी। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल तथा राज्य युवा पुरस्कार विजेता एवं कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने संयुक्त रूप से बालिकाओं को साइकिलें प्रदान कीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि कोमल फाउंडेशन का यह प्रयास बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बेहद सराहनीय है। ‘शिक्षा न रुके’ अभियान के माध्यम से जरूरतमंद बालिकाओं को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस पहल को सामाजिक सरोकार और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाला सार्थक प्रयास बताया। कार्यक्रम में सागर सिंह, सुनील यादव, पी.एस. राना, रामगोपाल एवं लाखन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।