फिरोजाबाद। शहर के नवस्थापित जोनल कार्यालय में गुरुवार को नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने जनसुनवाई कर आमजन और पार्षदों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। कई मामलों में तत्काल कार्रवाई भी कराई गई। जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की भी समीक्षा की। असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर उन्होंने संबंधित शिकायतकर्ता से सीधे फोन पर वार्ता कर समस्या की वास्तविक स्थिति जानी। शिकायतकर्ता से प्राप्त फीडबैक के आधार पर उन्होंने सहायक अभियंता (सिविल) को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद्र, आरपी सिंह, सहायक अभियंता (सिविल) प्रेमपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Jansaamna