Friday, November 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ईसीआई नेट ऐप से घर बैठे मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम

ईसीआई नेट ऐप से घर बैठे मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम

◊ डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड करने से लेकर आवेदन की स्थिति जानने तक मिलेंगी 40 से अधिक निर्वाचन सेवाएं
◊ बीएलओ से बातचीत के लिए बुक कर सकेंगे कॉल, मतदान केंद्र की जानकारी भी मिलेगी
कानपुर: जन सामना ब्यूरो। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत भारत निर्वाचन आयोग मतदाताओं को डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए ईसीआई नेट ऐप के प्रति जागरूक कर रहा है। इस ऐप के जरिए मतदाता घर बैठे सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन कराने, डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड करने और आवेदन की स्थिति जानने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने 40 से अधिक ऐप एवं पोर्टल की सेवाओं को ईसीआई नेट पर एकीकृत किया है। यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी सहित 23 भाषाओं में उपलब्ध है, जिसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
ऐप के माध्यम से मतदाता अपने बीएलओ का नाम, मोबाइल नंबर, मतदान केंद्र का पता, विधानसभा एवं लोकसभा क्षेत्र, भाग संख्या और मतदाता क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ‘बुक ए कॉल’ सुविधा से बीएलओ से बातचीत के लिए समय भी बुक किया जा सकता है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए पंजीकरण, व्हीलचेयर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के अनुरोध की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
इसके अलावा प्रत्याशियों के शपथपत्र, शैक्षणिक योग्यता, संपत्ति, देनदारियों और आपराधिक मामलों की जानकारी के साथ मतदान प्रतिशत के रुझान भी देखे जा सकते हैं। वहीं, सी-विजिल के माध्यम से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी दी गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सहायता के लिए जनपद में जिला संपर्क केंद्र स्थापित किया गया है। यहां मतदाता सूची, पहचान पत्र, बीएलओ समन्वय, शिकायत पंजीकरण और डिजिटल सेवाओं के लिए अलग-अलग डेस्क बनाई गई हैं। केंद्र पर दोहरी प्रविष्टि, मतदाता पहचान पत्र वितरण तथा बीएलओ से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। निर्वाचन संबंधी जानकारी अथवा किसी समस्या के समाधान के लिए जिला संपर्क केंद्र के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।