रायबरेली: जन सामना ब्यूरो। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि आज महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस के अवसर पर जनपद रायबरेली के समस्त विकास खण्डों में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना को लेकर विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं उपस्थित अन्य लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें स्वयं ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना करने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही मौके पर ही स्वगणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया तथा प्रतिभागियों से स्वगणना भी कराई गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों तक स्वगणना का संदेश पहुंचाना तथा जनगणना-2027 में आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं अपनी स्वगणना करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक एवं प्रेरित करें, ताकि जनगणना-2027 को सफल बनाया जा सके।
Jansaamna