कानपुर: हिमांशु। संविधान दिवस के अवसर पर परिवहन विभाग के सारथी भवन कार्यालय में एक विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संभागीय निरीक्षक (आरआई) संतोष कुमार के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और देश की अखंडता व संवैधानिक आदर्शों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए आरआई संतोष कुमार ने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की भी सीख देता है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग का सीधा वास्ता आम लोगों के रोजमर्रा के कामों से होता है, इसलिए हर कर्मचारी की यह जिम्मेदारी है कि वह बिना किसी भेदभाव के पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मियों ने अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कार्यालय के प्रधान सहायक मधुसूदन मिश्रा, अतुल सिंह, सरफ़राज़ अहमद, प्रीति तोमर, बच्चू लाल, श्याम करन यादव, पंकज यादव, शिवम सिन्हा और राजेश कुमार समेत विभाग के अन्य सभी कर्मचारी उपस्थित रहे
Jansaamna