Wednesday, September 16, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली

लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली

फिरोजाबादः जन सामना संवाददाता। शिकोहाबाद नगर क्षेत्र में लूट और चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार रात तीन बजे के करीब रेलवे स्टेशन से पैदल घर जा रहे युवक को ओवर ब्रिज पर बदमाशों ने रोक लिया। लूटपाट के दौरान युवक ने विरोध किया तो लुटेरों ने उस पर फायरिंग कर दी। युवक की पीठ में दो गोली लगी हैं। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे फिरोजाबाद रैफर कर दिया।
थाना क्षेत्र अंतर्गत माधौगंज निवासी युवक ओमवीर (१८) पुत्र नेत्रपाल अपनी बहन गंज खेलड़ी भरतपुर राजस्थान के यहां गया हुआ था। बुधवार रात ट्रैन से वह रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। जहां से सामान लेकर पैदल ही घर के लिए चल दिया। रात तीन बजे के करीब जब युवक ओवर ब्रिज होते हुए घर जा रहा था, तभी बीच ओवरब्रिज पर उसे बाइक सवार लुटेरों ने रोक लिया। लुटेरों का विरोध करने पर लुटेरों ने फायरिंग कर दी। दो गोली युवक की पीठ में घुस गईं। घटना की सूचना पर परिवारीजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसओ ऊदल सिंह ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए युवक को फिरोजाबाद सरकारी ट्रामा सेंटर भेज दिया। जहां से उसे आगर भेजा गया है। युवक का आगरा में प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि गोली रंजिश के चलते मारी गई है। युवक ने गोली मारने वालों को पहचान लिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।