हाथरस। शहर के हलवाई खाना जैन गली स्थित छिपेटी में आज सुबह जिस वक्त पूर्व सभासद राजा भैया का मकान गिरा, उसी दौरान मौका पाकर एक चोर एक मकान में घुस गया और चोरी कर रुपए एवं ज्वैलरी को ले जाने लगा। लेकिन तभी घर की एक महिला ने उसे देख लिया और शोर मचा कर उसे क्षेत्रीय लोगों ने पकड़ लिया तथा चोर को कोतवाली पुलिस के हवाले किया गया है।
बताया जाता है हलवाई खाना स्थित जैन गली में आज सुबह बारिश के चलते पूर्व सभासद राजा भैया का मकान भरभरा कर गिर गया था और मकान गिरने की जोरदार आवाज को सुनकर आसपास के क्षेत्र के तमाम लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल कर मौके पर देखने के लिए आ गए। तभी राजा भैया के मकान के सामने स्थित जगदीश प्रसाद वर्मा उर्फ जग्गो बाबा पुत्र जानकी प्रसाद वर्मा के मकान में एक अज्ञात चोर घुस गया और उसने मौका पाकर जग्गो बाबा के घर में से सोने की अंगूठी अलमारी में से पार कर दी। इसके अलावा उनके घर में रहने वाले किराएदार अनुज पुत्र गोपालदास की अलमारी से 10 हजार रूपये नगद एवं ज्वैलरी तथा राजकुमार पुत्र गिर्राजकिशोर के घर में से भी दो ज्वैलरी के डिब्बे पार कर दिए और चोर उक्त माल को लेकर ले जाने लगा तभी अनुज की पत्नी श्रीमती आरती ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने चोर को पकड़ लिया तथा उसके कब्जे से रुपए व मोबाइल आदि तो बरामद कर लिए लेकिन बताया जाता है उससे अन्य सामान नहीं मिला है तथा ज्वैलरी के डिब्बे आदि घर की छत पर पड़े मिले हैं तथा सूचना पाकर मौके पर कोतवाली पुलिस आ गई और उक्त चोर को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है
Jansaamna