लखनऊ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महाप्रभु श्रीजगन्नाथ ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरे देश को एक सूत्र में पिरोया है। देश के चारों दिशाओं में विराजमान महाप्रभु सभी की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘जगन्नाथ’ शब्द संस्कृत के दो शब्दों ‘जगत’ (ब्रह्मांड) और ‘नाथ’ (स्वामी) से मिलकर बना है तथा महाप्रभु पूरे ब्रह्मांड के स्वामी हैं। उपमुख्यमंत्री गुरुवार को इस्कॉन मंदिर (गोल्फ सिटी) द्वारा आयोजित श्रीजगन्नाथ जी महाराज की भव्य रथयात्रा के अवसर पर रविंद्रालय (चारबाग) में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महाप्रभु श्रीजगन्नाथ की कृपा हम सभी पर बनी हुई है। मानव जीवन बड़ी कठिनाई से प्राप्त होता है, इसलिए इसका सदुपयोग करते हुए जरूरतमंदों की सेवा करनी चाहिए और प्रभु के चरणों में अपना शीश नवाना चाहिए। ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस्कॉन मंदिर के माध्यम से पूज्य संतों के श्रीमुख से समाज को आध्यात्मिक और नैतिक जीवन की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने रथयात्रा के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। इस अवसर पर भक्तिपदम सौरभ प्रचारक स्वामी जी महाराज, प्रेम हरिनाम प्रभु, इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम दास, अचिंत्य रुपाणी माताजी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
रथ संचालन व सफाई सेवा में भी हुए शामिल
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने श्रीजगन्नाथ जी की रथयात्रा में सहभागी बनकर रथ संचालन किया तथा मार्ग की सफाई सेवा भी की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं।
Jansaamna