फिरोजाबाद। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई एवं त्वरित न्याय की मिसाल कायम करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता को सिद्ध किया। गुरुवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उनका माल्यार्पण कर, स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा ने कहा कि शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में 30 मई को एक मासूम बच्ची की हुई हृदयविदारक हत्या के मामले में एसएसपी के कुशल नेतृत्व, दृढ़ संकल्प एवं प्रभावी निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित एवं निष्पक्ष विवेचना करते हुए न्यायालय में सशक्त पैरवी सुनिश्चित की। परिणामस्वरूप फास्ट ट्रैक न्यायालय ने मात्र 40 दिनों के भीतर आरोपी को मृत्युदंड की सजा सुनाकर न्याय व्यवस्था में एक ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत किया। पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे से उनके कार्यालय में भेंट कर पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं शॉल ओढ़ाकर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही सम्मान-पत्र भेंट कर उनके नेतृत्व, निष्पक्ष कार्यशैली एवं जनसुरक्षा के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। स्वागत करने वालों में दुष्यंत यादव, स्वतंत्र गुप्ता, मुनव्वर खान, मेघ सिंह पहलवान, मूलचंद राठौर, रामगोपाल बजाज, श्यामवीर सिंह यादव, राजेश शर्मा, प्रवीण शर्मा, राकेश शर्मा, राजकुमार शर्मा, राधेश्याम, सुबोध बघेल आदि मौजूद रहे।
Jansaamna