➤ रथयात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर हुआ स्वागत
फिरोजाबाद। भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा आस्था, श्रद्धा और उत्साह के वातावरण के बीच निकली। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग पर ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष गूंजते रहे। रंग-बिरंगे फूलों से सजे रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा राधाकृष्ण मंदिर से प्रारम्भ हुई, जो घंटाघर चौराहा, सदर बाजार, गंज चौराहा, सिनेमा चौराहा, जलेसर रोड, शिवाजी मार्ग, पुराना डाकखाना चौराहा, हनुमान रोड होते हुए कैला देवी मंदिर पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। भगवान जगन्नाथ के रथ को श्रद्धालुओं ने रस्सी खींचकर आगे बढ़ाया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। भजन-कीर्तन और धार्मिक धुनों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। यात्रा में मुख्य आकर्षण का केंद्र महाराष्ट्र के कलाकारों द्वारा मार्ग में जगह-जगह बनाई गई रंगोली और उड़ीसा के कलाकारों द्वारा संबलपुरी ओड़िसी नृत्य रहा। वहीं अग्रोहा विकास समिति, मुख्य शाखा द्वारा भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान विवेक कुमार अग्रवाल, सुधीर कुमार अग्रवाल, ओमप्रकाश वार्ष्णेय, त्रिभुवन कुमार श्रीमाली, देवीचरन अग्रवाल, डॉ. राकेश अग्रवाल, विपुल बंसल, दयाशंकर गुप्ता, अजय अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, नीरज झिंदल, सचिन अग्रवाल, मोहन झिंदल, कपिल अग्रवाल, अंशुल श्रीमाली, संदीप अग्रवाल, मोहन लाल जिंदल, मनोज बंसल लल्ला, राकेश अग्रवाल, डॉ. अनिल अग्रवाल, अजय बंसल, मुकेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, डॉ. एस.सी. अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अनुग्रह गोपाल आदि मौजूद रहे।
गणेश नगर में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
फिरोजाबाद। गणेश नगर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। भगवान जगन्नाथ के जयकारों के साथ उनकी आरती उतारी गई तथा प्रसाद वितरित किया गया। शिव मंदिर पहुंचकर रथयात्रा का समापन हुआ। भगवान जगन्नाथ के रथ को रस्से की मदद से भक्तगण अपने हाथों से खींच रहे थे। आचार्य आनंद शास्त्री ने भगवान जगन्नाथ का विधि-विधान से पूजन किया।
Jansaamna