Sunday, May 12, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एनटीपीसी ऊंचाहार की नैगम सामाजिक दायित्व व राजभाषा अनुभाग को उत्कृष्ट कार्य करने पर मिला पुरस्कार

एनटीपीसी ऊंचाहार की नैगम सामाजिक दायित्व व राजभाषा अनुभाग को उत्कृष्ट कार्य करने पर मिला पुरस्कार

पवन कुमार गुप्ता, रायबरेली। एनटीपीसी की ऊंचाहार विद्युत परियोजना विद्युत उत्पादन तथा कार्य-निष्पादन के क्षेत्र में शुरू से ही नए-नए कीर्तिमान स्थापित करती रही है और इसके लिए उसे राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार हासिल होते रहे हैं। इसी कड़ी में परियोजना के मानव संसाधन विभाग के नैगम सामाजिक दायित्व अनुभाग को अपेक्स इंडिया फाउंडेशन द्वारा ‘सीएसआर एक्सीलेंस गोल्ड अवार्ड’ व राजभाषा अनुभाग को भारतीय भाषा एवं संस्कृति संस्थान, दिल्ली द्वारा ‘राजभाषा सोपान सम्मान’ से अलंकृत किया गया है। यहां ये विशेष तौर पर उल्लेखनीय है कि भारतीय भाषा एवं संस्कृति संस्थान, दिल्ली द्वारा परियोजना के कार्यकारी निदेशक अभय कुमार समैयार को परियोजना में राजभाषा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सराहनीय योगदान करने के लिए ‘राजभाषा पथ प्रदर्शक’ पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है।
अपेक्स इंडिया फाउंडेशन राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा मानव संसाधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कंपनियों को मंच प्रदान करती हैं तथा उनके कार्य का मूल्यांकन करके इस तरह के पुरस्कार व अवार्ड प्रदान करती है। जिसे प्राप्त करना किसी भी संस्था के लिए बड़े सम्मान व गर्व की बात होती है। जबकि भारतीय भाषा एवं संस्कृति संस्थान राजभाषा के विकास, संरक्षण व उससे संबंधित उत्कृष्ट कार्यों व नीतियों को संचालित करने वाले संस्थानों को सम्मानित करती है।
अपेक्स इंडिया फाउंडेशन द्वारा गोवा में आयोजित पुरस्कार समारोह में ऊंचाहार परियोजना की परिवर्तनकारी उत्कृष्ट उपलब्धियों से प्रभावित होकर पुरस्कार की घोषणा की, जिसका करतल ध्वनि से स्वागत किया गया। इसी प्रकार भारतीय भाषा एवं संस्कृति संस्थान द्वारा लेह, लद्दाख में आयोजित एक सम्मेलन में राजभाषा के क्षेत्र में ही अद्वितीय कार्य करने के लिए ऊंचाहार परियोजना को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। परियोजना के प्रबंधक (राजभाषा) श्रीनिवास शर्मा ने लेह लद्दाख के सासंद जय मांग सेरिंग नामग्याल व उपराज्यपाल राधाकृष्ण माथुर से इस पुरस्कार को प्राप्त किया।
कार्यकारी निदेशक अभय कुमार समैयार ने विश्वास व्यक्त किया है कि मानव संसाधन विभाग की नैगम सामाजिक दायित्व व राजभाषा टीम सेवा और समर्पण के नए-नए कीर्तिमान आगे भी स्थापित करती रहेगी तथा अपने कर्मचारियों के साथ-साथ हितधारकों को मानवीय जरूरतों व सुविधाओं को मुहैया करवाने में पूर्ण मनोयोग से कार्य करती रहेगी।
मानव संसाधन की दिशा में उल्लेखनीय कार्यों तथा विशिष्ट सेवाओं के लिए इन पुरस्कारों को राष्ट्रीय स्तर पर हासिल करने से ऊंचाहार परियोजना के स्वर्णिम इतिहास में चार चांद लग गए हैं। इन पुरस्कारों के प्राप्त होने पर परियोजना प्रमुख श्री समैयार, अन्य महाप्रबंधक गण, विभागाध्यक्ष, यूनियन व एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित सभी कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की व संबंधित विभाग को बधाई दी।