Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विधायक से किसानों ने रोया नहरों बंबो में पानी नहीं आने से फसल सूखने का दुखड़ा

विधायक से किसानों ने रोया नहरों बंबो में पानी नहीं आने से फसल सूखने का दुखड़ा

सादाबाद, हाथरस। जायद की फसल की सिंचाई के लिए क्षेत्र के किसानों को नहर व बंबो के पानी की आवश्यकता है। क्षेत्र की सभी नहर रजवाहे सूखे पड़े हैं। उनमें अब तक पानी नहीं आया है। इस कारण इलाके के हजारों किसान परेशान हैं।
सिंचाई नहीं होने से किसानों को अपनी खून पसीने से सींची हुई फसल सूखने का डर सता रहा है। इस संबंध में किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की है, लेकिन उसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। मामले को लेकर दर्जन भर से ज्यादा गांवों के किसान विधायक गुड्डू चौधरी से मिले और उन्हें स्थिति से अवगत कराते हुए दुखड़ा रोया। किसानों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी के अभाव में नहर रजवाहे के साथ ही तालाब भी सुखे पड़े हैं। इससे पशुपालन पर भी फर्क पड़ रहा है। किसानों की समस्या सुन विधायक का पारा चढ़ गया। तत्काल निचली मांट ब्रांच नहर के अधिकारियों को फोन पर चेताया गया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के नहर, रजवाहों में एक हफ्ते के अंदर पानी नहीं छोड़ा गया तो किसानों के साथ ब्रांच आफिस पर ताला जड़ प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।विधायक गुड्डू चौधरी ने बताया कि भीषण गर्मी पड़ रही है। क्षेत्र में पानी की बेहद आवश्यकता है। उसी समय पर सिंचाई विभाग के अधिकारी बेपरवाह नजर आ रहे हैं, जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।