Tuesday, May 21, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 21 हजार लोगों ने सामूहिक योग कर दिया निरोग रहने का संदेश

21 हजार लोगों ने सामूहिक योग कर दिया निरोग रहने का संदेश

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के बड़ौत स्थित जनता वैदिक कालेज के खेल मैदान में आज 9 वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 हजार लोगों ने योगाभ्यास कर जनपद में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जनपद के सभी विभागों के समन्वय से आयोजित इस योगाभ्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व आम जनमानस ने शामिल होकर कीर्तिमान बनाया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बागपत सांसद डॉक्टर सत्यपाल सिंह ने की। मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी, सह मुख्य अतिथि केपी मलिक व जम्मू कश्मीर सरकार में रहे पूर्व मंत्री हिमाचल प्रदेश के प्रभारी देवेंद्र राणा, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल चौहान, मुख्य विकास अधिकारी एम एल व्यास द्वारा सामूहिक रूप से योग किया गया।इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री व राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं उद्योग विकास विभाग जसवंत सैनी ने कहा कि योग करने से मन, बुद्धि और आत्मा तीनों का समन्वय होता है और हमारी दिनचर्या में शान्ति और सुकून रहता है। उन्होंने प्रधानमंत्री जी को इस बात के लिए धन्यवाद अर्पित किया कि उन्होंने योग को सम्पूर्ण विश्व में स्थापित किया है। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक ने कहा कि व्यक्ति को अपने जीवन में प्रतिदिन योग करना चाहिए। सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने कहा व्यक्ति अगर प्रतिदिन योग करेगा तो उसका उन्हें लाभ अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा भौतिकवादी युग में यह ‘‘योग‘‘ ही है जो व्यक्ति को स्वस्थ्य और तनाव मुक्त रख सकता है। नेहरू युवा केन्द्र बागपत के युवाओं ने शानदार प्रस्तुति देकर सभी को योग शक्ति से परिचित कराया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने हर आंगन योग के संदेश को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, हर व्यक्ति को अपने जीवन में योग अपनाना चाहिए। योग से शरीर व मस्तिष्क स्वस्थ रहता है। इसके अलावा जनपद में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, विभिन्न ब्लॉक, ग्राम व तहसीलों केंद्रों पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय व्यक्तियों ने बढ़-बढ़कर भाग लिया।