Saturday, June 15, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » क्षतिग्रस्त सडक के गड्ढों में किया धान रोपण

क्षतिग्रस्त सडक के गड्ढों में किया धान रोपण

सासनी। विकास खंड क्षेत्र में सड़कों की हालत बेहद खस्ता है। बारिश में सड़कों पर गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं जिससे सड़कें ताल तलैया बन गईं है। सड़कों की जर्जर हालत को लेकर लगातार प्रदर्शन भी हो रहे हैं, मगर इसके बाद भी कोई इनकी ओर ध्यान नहीं दे रहा है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने नए अंदाज में सड़कों की जर्जर हालत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सासनी क्षेत्र में नानऊ रोड पर उन गड्ढों में धान रोपे, जहां सड़क में गड्ढों में पानी भरा हुआ था। इस दौरान किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की।
प्रदर्शन कर रहे भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि वह कई बार जर्जर सड़कों को दुरुस्त कराने को लेकर ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। रविवार को भारतीय किसान यूनियन के जिला संगठन मंत्री संजीव कुमार भोला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सडक पर जब भी दुपहिया या चार पहिया वाहन लेकर चलते हैं तो कई बार सडक पर बने गड्ढों के कारण गिरकर चुटैल हो जाते है। और कई बार तो बडी दुर्घटनायें भी हो चुकी है। मगर सरकार और उसके नुमाइंदे कुंभकरणीय नींद में सोए हुए है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि सरकार ने उनकी व्यथा नहीं सुनी और समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों और प्रदेश सरकार की होगी। यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांव नगला सिंह के निकट गड्ढों वाली सडक पर भरे पानी में धान रोपण कर सरकार के प्रति आक्रोश जताया। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से रितेश कुमार, सुनील शर्मा, शेरू पाठक, डी पी यादव, शैलेंद्र कुमार, ओंकार, अजीत कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, अरुण कुमार आदि शामिल थे।