Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रीकृष्ण जन्मोत्सवः ब्रजभूमि पर बिखरेगी अनूठी छटा, होगी भव्य साज सज्जा

श्रीकृष्ण जन्मोत्सवः ब्रजभूमि पर बिखरेगी अनूठी छटा, होगी भव्य साज सज्जा

⇒मथुरा वृंदावन के बाहर भी इस बार प्रमुख तीर्थ स्थलों पर होंगे विशेष कार्यक्रम
मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर ब्रज भूमि की अनूठी छटा देखते ही बनेगी। मथुरा वृंदावन के अलावा दूसरे धार्मिक स्थलों पर भी इस बार विशेष कार्यक्रम होंगे। प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2023 की व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक संपन्न हुई। जुबली पार्क स्थित ओएटी, श्रीकृष्ण जन्मस्थान लीला मंच, गीता शोध संस्थान वृन्दावन, रसखान समाधि स्थल ओएटी तथा परासौली (चन्द्र सरोवर) ओएटी स्थलों पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा मुख्य कार्यक्रम कराये जाएंगे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा 17 छोटे मंच स्थलों का चयन किया गया है, जिसमें पोतरा कुण्ड मेंसन के सामने, महाविद्या चौराहा (डिवाइडर), श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट नम्बर तीन के सामने, मसानी मुकुन्द बिहार के पास, भूतेश्वर तिराहा, रेलवे स्टेशन माल गोदाम रोड़ गेट दो के सामने, बीएसए कॉलेज एचडीएफसी बैंक के सामने, नया बस अड्डा, कृष्णापुरी तिराहा, गोवर्धन चौराहा पुल के नीचे, गोवर्धन थाने के पास, परासौली (चन्द्र सरोवर) गोवर्धन, रेलवे स्टेशन गेट तीन धौलीप्याऊ, रसखान समाधि पर, बलदेव मन्दिर के पास तथा गोकुल में मदिंर के पास छोटे छोटे कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक एवं श्रीकृष्ण की लीलाओं से संबंधित कार्यक्रम किये जाएंगे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा 15 प्रमुख चौराहे तथा उनसे लिंक मार्गों की कपड़े से सजावट, 18 प्रमुख चौराहों एवं घाटों पर विद्युत सजावट तथा मथुरा शहर के 17 स्थानों पर सेल्फी पॉइंट स्थापित किए जएंगे। नगर निगम द्वारा 12 प्रमुख मार्गों तथा मन्दिर प्रबंधकों द्वारा नौ प्रमुख मंदिरों पर विद्युत सजावट की जाएगी। ललित कला अकादमी लखनऊ एवं राजकीय संग्रहालय मथुरा द्वारा श्रीकृष्ण जन्मस्थान में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित चित्रकला शिविर का आयोजन तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। बैठक की कार्यवाही उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने की। बैठक में महापौर विनोद कुमार अग्रवाल, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, जिलाधिकारी पुलकित खरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, नगर आयुक्त अनुनय झा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।