Wednesday, April 16, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती

श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती

जगतपुर, रायबरेली। धोबहा और वीर का पुरवा गांव में संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने भारी संख्या में सहभागिता की और बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दल बहादुर सिंह शामिल हुए। उनके साथ मंच पर मंडल अध्यक्ष कृष्णा पटेल, मंडल उपाध्यक्ष विनायक सिंह और संतोष तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक अजय गौतम व अजय त्रिपाठी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. आंबेडकर के विचारों के स्मरण के साथ की गई। वक्ताओं ने उनके सामाजिक संघर्ष, समर्पण और संविधान निर्माण में अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी सामाजिक समरसता और समानता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
इस अवसर पर गांव के युवाओं ने भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने डॉ. अंबेडकर की जीवनी से प्रेरित कविताओं का पाठ कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। स्थानीय नागरिकों ने एकता और सामाजिक न्याय का संदेश देते हुए बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने की बात कही।
भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन में अंबेडकर जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। ग्रामीणों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायक और समाज को जागरूक करने वाला बताया।