Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ट्रैक्टर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान

ट्रैक्टर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान

मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर मथुरा में कलेक्ट्रेट पर तिरंगा ट्रैक्टर रैली निकाली। किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। एमएसपी, छुट्टा गोवंश, बिजली विभाग की मानमानी जैसे मुद्दों के साथ ही स्थानीय मुद्दों को भी संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के सामने उठाया। महानगर अध्यक्ष पवन चतुर्वेदी ने कहा कि पुलिस ने किसानों के ट्रैक्टरों को कलेक्ट्रेट तक पहुंचने ही नहीं दिया है। नो एंट्री के नाम पर किसानों और ट्रैक्टरों को जगह जगह रोका गया है। इसके बाद भी बडी संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर कलेक्ट्रेट पर पहुंचे हैं। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर प्रशासन ने ताला जड़ दिया। इसके बाद सभी किसान गेट पर ही धरने पर बैठ गए और रोड को जाम कर दिया। करीब आधे घंटे के बाद पुलिस प्रशासन ने गेट को खोला। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि वृंदावन में नो एंट्री के नाम पर पुलिस द्वारा किसानों को परेशान किया जाता है जो किसान चरी बाजरा मक्का लेकर वृंदावन आते हैं। उनके साथ पुलिस प्रशासन अभद्र व्यवहार करती है। पूरे वृंदावन में नो एंट्री के नाम पर जनमानस का उत्पीड़न किया जाता है। गजेंद्र सिंह गावर ने कहा कि वर्तमान केंद्र प्रदेश सरकार किसान विरोधी सरकार है। अभी तक एमएसपी पर कानून नहीं बनाया है। विद्युत विभाग द्वारा विद्युत बिल के नाम पर जनता का उत्पीड़न किया जा रहा है।