Tuesday, May 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बैठक कर केन-बेतवा लिंक परियोजना व हिण्डन नदी की समीक्षा की

बैठक कर केन-बेतवा लिंक परियोजना व हिण्डन नदी की समीक्षा की

लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने भारत सरकार में जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के सचिव पंकज कुमार के साथ बैठक कर केन-बेतवा लिंक परियोजना व हिण्डन नदी की समीक्षा की। अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में हिंडन नदी प्रदूषण मुक्त होने की कगार पर है। उन्होंने हिंडन नदी के किनारों पर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान केन्द्रित करने और नदी के आस पास पौधारोपण कराने के निर्देश दिये। नदी में सीवेज व इंडस्ट्रीयल वेस्ट का पानी कतई न छोड़ा जाए। उन्होंने हिंडन नदी का नाम हर नंदी रखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में उद्योगों से निकलने वाला अपशिष्ट गंगा नदी में प्रवाहित नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुन्देलखण्ड क्षेत्र की जल सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। यह राज्य की एक प्रमुख परियोजना है। हमारा लक्ष्य है कि अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों और जानकारी का उपयोग करके इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2023-24 के साथ-साथ 2024-25 के लिये कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये, ताकि तद्नुसार भारत सरकार से बजट आवंटित कराया जा सके। बैठक में अपर मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण मनोज सिंह, प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग, प्रमुख सचिव नमामि गंगे अनुराग श्रीवास्तव सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।