Sunday, October 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 25 अक्टूबर को होगा मुनि दीक्षा महोत्सव

25 अक्टूबर को होगा मुनि दीक्षा महोत्सव

बागपत। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित राजकीय अतिथि जैनाचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आगामी 25 अक्टूबर को बागपत में बड़ौत के दिगंबर जैन कॉलेज सी फील्ड में जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें आठ बाल ब्रह्मचारी, ‌‌मुनि दीक्षा में दीक्षित होंगे। सकल जैन समाज ने महोत्सव की तैयारी जोरशोर से शुरू कर दी है।
बड़ौत दिगंबर जैन समाज समिति के तत्वावधान में आयोजित दीक्षा महोत्सव में अपने ऐशो आराम और करोड़ों की संपदा छोड़कर आठ संयमी युवा जैन मुनि की दीक्षा लेंगे। इस दीक्षा महोत्सव में देश विदेश से करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। महोत्सव के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए गए हैं।
जैन समाज के मीडिया प्रभारी वरदान जैन ने बताया कि इस 4 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ 22 अक्टूबर को सुबह 6 बजे हल्दी रस्म से होगा। शाम 6 बजे से ऋषभ सभागार में मेहंदी रस्म और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। 23 अक्टूबर को दोपहर 12.15 बजे दीक्षार्थियो की बिनौली (शोभा) यात्रा निकाली जायेगी, जो अतिथि भवन से प्रारंभ होकर नेहरू मूर्ति, महावीर मार्ग, कैनाल रोड, गाँधी रोड से होती हुई मान स्तंभ परिसर पर संपन्न होगी। 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे दीक्षार्थियो का आहारचर्या अभ्यास, दोपहर 1 बजे से गण धरवलय विधान और रात्रि 3 बजे केशलोचन संपन्न होगा। 25 अक्टूबर को दोपहर 11.27 बजे से भव्य जैनेश्वरी मुनि दीक्षा समारोह आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज के सानिध्य और पंडित श्रेयांस जैन के निर्देशन मे संपन्न होगा।
बड़ौत दिगंबर जैन समाज समिति के अध्यक्ष प्रवीण जैन को दीक्षा महोत्सव का प्रथम निर्देशक संयोजक और सुनील जैन तेल वालों को दीक्षा महोत्सव का द्वितीय संयोजक बनाया गया है। दीक्षा कार्यक्रम हेतु दिगंबर जैन कॉलेज के सी फील्ड में भव्य पांडाल बनाया जा रहा है। पूरे बड़ौत नगर को दुल्हन की तरह सजाया जायेगा।बाहर के यात्रियों को ठहराने के लिए बड़ौत की सभी धर्मशालाएं और होटल बुक कर दिये गए हैं। बड़ौत के समूचे दिगंबर श्वेतांबर जैन समाज के साथ अन्य सभी लोगों में भी दीक्षा महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह है।
-विश्व बंधु शास्त्री

⇒ ‘‘जन सामना’’ वेब न्यूज पोर्टल पर प्रसारित सामग्री जैसे – विज्ञापन, लेख, विचार अथवा समाचार के बारे में अगर आप कोई सुझाव देना चाहते हैं अथवा कोई सामग्री आपत्तिजनक प्रतीत हो रही है, तो आप मोबाइल न0 – 9935969202 पर व्हाट्सएप के माध्यम से संदेश भेज सकते हैं। ई-मेल jansaamna@gmail.com के माध्यम से अपनी राय भेज सकते हैं। यथोचित संशोधन / पुनः सम्पादन बिना किसी हिचकिचाहट के किया जायेगा, क्योंकि हम ‘‘पत्रकारिता के आचरण के मानक’’ का पालन करने के लिये संकल्पवद्ध हैं। – सम्पादक