Sunday, October 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्री कृष्ण जन्म स्थान पर 6 दिसंबर को दीपदान और अभिषेक की घोषणा

श्री कृष्ण जन्म स्थान पर 6 दिसंबर को दीपदान और अभिषेक की घोषणा

मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। छह दिसम्बर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। हिन्दूवादी संगठनों से जुड़े 53 लोगों को प्रशासन की ओर से पाबंद किया गया है। जिलाधिकारी और एसएसपी ने सोमवार को छह दिसम्बर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की और अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिये। छह दिसम्बर को लेकर कुछ हिन्दूवादी संगठनों ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दीप दान और गर्भगृह में अभिषेक करने जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। पाबंद किये गये लोगों को सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में तलब किया गया था। प्रशासन द्वारा एक व्हाट्सएप ग्रुप 6-12-23 के नाम से बनाया गया है। जिस में हवन, दीपदान और अभिषेक करने की घोषणा करने वाले संगठनों के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। राजश्री चौधरी, चक्रपाणि महाराज, संजय हरियाणा, विजय बंटा, दिनेश शर्मा, छाया गौतम, आशुतोष पांडेय, आचार्य बद्रीश और मनीष ठाकुर आदि शामिल हैं। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा है कि छह दिसम्बर को जहां तक मथुरा की बात है कोई अलग चीज नहीं होने दी जाएगी। परंपरागत रूप से जैसे मंदिर पर नियमित दर्शन होते हैं छह दिसम्बर को भी होंगे। कोई नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। जो परंपरागत आयोजन और दर्शन पूजन और नमाज होती है वह चलते रहेंगे। सभी लोगों से अनुरोध है कि यह गंगा जमुनी तहजीब का जनपद है। यहां हमेशा से भाईचारा रहा है उसमें सभी लोग सहयोग दें। एसएसपी शैलेश पांडेय ने कहा है कि छह दिसम्बर को मथुरा में अलग से कोई ऐसी चीज नहीं है, सामान्य दर्शन पूजन और जो सामान्य व्यवस्था रहती हैं, वह चलती रहेंगी। किसी भी तरह के नये आयोजन की अनुमति नहीं दी जा रही है साथ ही सभी लोगों और संगठनों से अपील की जाती है कि कानून व्यवस्था में खलल न डालें और जो सामान्य व्यवस्था है उसका पालन करें। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी शासन प्रशासन की ओर से जोन और सेक्टर के माध्यम से उस दिन की जाएगी। गडबडी फैलाने की कोशिश करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिनके द्वारा भी कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया जाएगा, उनके विरूद्ध कडी से कडी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।