Sunday, July 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बच्चे को शौच कराने को लेकर हुई फायरिंग में पांच लोग घायल

बच्चे को शौच कराने को लेकर हुई फायरिंग में पांच लोग घायल

फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। मटसेना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सात बजे बच्चे को गली में शौच कराने का विरोध करने पर पड़ोसी ने कई राउंड फायरिंग कर दी। जिससे एक महिला गोली लगने और चार लोग हाथ, पैर, पेट में छर्रे लगने से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एसपी सिटी, सीओ सदर, तीन थानों के पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
गांव में रनवीर सिंह और अरविंद सिंह के मकान आमने सामने हैं। रविवार को अरविंद सिंह अपने बच्चे को गली में शौच करा रहा था। रनवीर सिंह के पुत्र बंशी ने विरोध किया, तो वह गाली गलौज करने लगा। शोर की आवाज सुनकर दोनों पक्ष के लोग एकत्रित हो गए और विवाद ने तूल पकड़ लिया। इस बीच अरविंद पक्ष ने फायरिंग शुरु कर दी। यह देखकर ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। रनवीर पक्ष से 25 वर्षीय रीना पत्नी डालचंद पैर में गोली लगने से और चंद्रभान, गंगाराम, देवेश, बंशी हाथ, पैर और पेट में छर्रे लगने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सदर हीरालाल कनौजिया थाना मटसेना, बसई मुहम्मदपुर, रसूलपुर पुलिस के साथ पहुंच गए। उन्होंने सभी घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने अरविंद पक्ष के आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया, जबकि कुछ भाग गए। एसपी सिटी ने बताया कि अरविंद अपने बच्चे को प्रत्येक दिन गली में शौच कराता था। जिसका अरविंद पक्ष विरोध करता था। इसी को लेकर विवाद हो गया था। फायरिंग से अरविंद पक्ष के पांच लोग घायल हैं।