Sunday, July 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मंगलवार का दिन सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा

मंगलवार का दिन सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा

मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। मंगलवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। राया कृषि फार्म हादस पर मंगलवार को न्यूनतम तापमान चार और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी एक दो दिन तक शीत लहर जारी रहने की संभावना है। भीषण गलन व प्रचंड शीतलहर का आलम यह है कि जनजीवन कांप उठा है। मौसम के लुढके पारे ने सबको ठिकुरा कर रख दिया है। आसमान में बादल छाने से भगवान सूर्य दुबके रहे। पूरे दिन में एक क्षण के लिए भी सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सके। सुबह में तेज हवा से गलन में बेतहाशा वृद्धि हुई। पूरे दिन चली हवाओं ने अनवरत पड़ रही शीतलहर के प्रकोप में और भी वृद्धि कर दी है। सर्दी के चलते बच्चों की छुट्टियां 17 जनवरी तक बढा दी गई थीं। मौसम को देखते हुए छुट्टियों को और बढाए जाने की संभावना है। वही अपनी फसलों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खून को जमादेने वाली सर्दी में भी किसान खेतों पर खुले आसमान के नीचे रखवाली कर रहे हैं। ठंड जान लेने पर उतारू है। गर्म कपड़े बेअसर साबित हो रहे हैं। क्या बच्चे, क्या युवा ठंड के कोप से बचने के लिए सभी अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। ठंड से सड़कों और बाजारों में चहल पहल नहीं है। बस वही लोग सड़कों पर निकल रहे थे जिन्हें बहुत जरूरी था। ठंड का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कमरे में रहने और मोजों दस्ताओं के बीच भी हाथ और पांव की उंगलियों के खून जम जा रहे थे। सरकारी दफ्तरों का भी यही हाल था। ज्यादातर दफ्तरों में कर्मचारियों की उपस्थिति कम रह रही है। अभिभावकों का कहना है कि इस भीषण ठंड में हाईस्कूल, इंटर कालेज व डिग्री कालेजों को भी एक दो दिनों के लिये बंद कर देना चाहिए।