Friday, July 5, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मेडीकल कॉलेज के अस्पताल में जन्मे सीता-राम, मनाया गया जश्न

मेडीकल कॉलेज के अस्पताल में जन्मे सीता-राम, मनाया गया जश्न

♦ श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा के दिन पैदा हुए बच्चों के नाम माता-पिता ने रखे सीता-राम
फिरोजाबादः जन सामना संवाददाता। जिला अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं ने सोमवार को श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा के दिन जब बच्चों को जन्म दिया तो माता पिताओं ने उनके नाम राम और सीता रख दिए। अस्पताल में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जश्न का माहौल रहा। भगवान श्रीराम के भजनों पर चिकित्सक और मरीजों के परिजन खुशी से नाचते गाते नजर आए।
अयोध्या में श्रीरामलला विराजमान हों उसी दिन उनके बच्चों का जन्म हो। ऐसी तमन्ना रखने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए सरकारी अस्पताल में विशेष डाक्टरों की टीम लगाई गई थी। जिला अस्पताल सुबह से ही राम के भजनों से गूंजने लगा था। गर्भवती महिलाएं भी राम का भजन कर रहीं थीं। जैसे ही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पूरी हुई। तीन महिलाओं ने दो बेटे और एक ने बेटी को जन्म दिया। इनमें से दो माताओं ने अपने बच्चों का नामकरण करते हुए उनके नाम राम रख दिए। वहीं कन्या का जन्म देने वाली मां ने बेटी का नाम सीता रखा। इस दौरान अस्पताल परिसर में खुशी का माहौल छा गया। नवजात को अस्पताल प्रबंधन द्वारा वस्त्र प्रदान किए गए। माताओं को फल वितरित किए। मेडिकल कालेज प्राचार्य डा. बलवीर सिंह ने बताया कि आज सुबह से 12 डिलीवरी हुई हैं। इनमें से दो ने अपने बच्चों के नाम राम और एक ने कन्या पैदा होने पर उसका नाम सीता रखा है। पूरा अस्पताल परिसर इस दौरान राममय हो गया।